सावन और झूलोत्सव, मेरठ
डॉ. ज्योत्सना जैन द्वारा संस्थापित गैर-सरकारी संगठन “बेटियाँ फाउंडेशन” के पदाधिकारियों द्वारा 13 अगस्त 2026 को होटल डी रोज में आयोजित “अभिनन्दन मेले” में “सावन और झूलोत्सव” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मेरठ की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सावन की उमंग और उत्सव के रंगों से सजे इस आयोजन में फैशन का भी विशेष आकर्षण रहा। महिलाओं ने बेहद आत्मविश्वास और प्रभावशाली अंदाज में कैटवॉक प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इस आयोजन ने महिलाओं के आत्मविश्वास और हौसलों को नई उड़ान दी।
बेटियाँ फाउंडेशन की ओर से प्रतिभागी महिलाओं को उनके उत्साह और सहभागिता के लिए स्मृति-पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मेले में महिलाओं द्वारा विभिन्न आवश्यक वस्तुओं, परिधानों एवं अन्य उत्पादों के आकर्षक स्टॉल भी लगाए गए, जहां आगंतुकों ने जमकर खरीदारी की। इसके साथ ही सभी ने स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद भी लिया।
कुल मिलाकर “सावन और झूलोत्सव” उमंग, संस्कृति, फैशन और महिला सशक्तिकरण का सुंदर संगम रहा। कार्यक्रम की सफलता ने महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।






















